रजौली प्रखंड क्षेत्र में शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी का पर्व पूरी श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर रजौली प्रखंड मुख्यालय स्थित घरों में श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप की पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
सुबह से ही पूजा की तैयारियों में श्रद्धालु जुटे रहे। महिलाओं और पुरुषों के साथ-साथ नवयुवक व नवयुवतियों ने घरों के साथ-साथ आसपास के मंदिरों में जाकर भगवान विष्णु की आराधना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
रजौली बाजार स्थित ठाकुरबाड़ी में पुजारी दिनेश पांडेय ने अनंत भगवान की पूजा-अर्चना कराई। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान विष्णु की प्रतिमा व चित्र के समक्ष कलश स्थापित कर रोली, अक्षत, फूल, फल, धूप-दीप अर्पित किया। इसके बाद अनंत भगवान की कथा का श्रवण किया। पूजा के बाद श्रद्धालुओं ने हाथ में अनंत सूत्र धारण किया।
मान्यता के अनुसार अनंत सूत्र में चौदह गांठें लगाई जाती हैं, जो भगवान विष्णु के चौदह लोकों का प्रतीक मानी जाती हैं। श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा के बाद अनंत सूत्र को धारण कर भगवान से संकटों से रक्षा और परिवार में सुख-शांति की प्रार्थना की।
अनंत चतुर्दशी पर्व को लेकर प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों के मंदिरों में भी श्रद्धालुओं ने अनंत भगवान की पूजा-अर्चना की।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार अनंत चतुर्दशी का पर्व भगवान विष्णु के अनंत स्वरूप को समर्पित है। इस दिन व्रत और पूजा करने से जीवन में सुख-समृद्धि आने तथा परिवार पर भगवान विष्णु की कृपा बने रहने की मान्यता है।
