मधेपुरा / उदाकिशुनगंज:
मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय स्थित निजी नर्सिंग होम में नवजात शिशु को बदले जाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। पीड़ित पिता के लिखित आवेदन पर उदाकिशुनगंज थाने में कांड संख्या 317/26 (दिनांक 14.11.2026) के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137, 318 और 61 में मामला दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच का जिम्मा सब-इंस्पेक्टर (SI) ज्योतिष कुमार को सौंपा गया है।
क्या है पूरा मामला?
पूर्णिया जिले के चंपानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर (वार्ड संख्या 05) निवासी शंभू शर्मा के 26 वर्षीय पुत्र बलराम शर्मा ने उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष को दिए आवेदन में दो निजी अस्पतालों की मिलीभगत से अपना बच्चा बदलने का गंभीर आरोप लगाया है।
आवेदन के अनुसार, 11 नवंबर 2026 की सुबह करीब 8 बजे आशा कार्यकर्ता गीता देवी के कहने पर बलराम शर्मा ने अपनी 24 वर्षीय गर्भवती पत्नी मिशा कुमारी को उदाकिशुनगंज स्थित ‘ग्लोबल हॉस्पिटल’ (डॉ. पी. आलम) में भर्ती कराया था। सुबह करीब 9 बजे ऑपरेशन के बाद डॉ. पी. आलम ने परिजनों को जानकारी दी कि उन्हें लड़का हुआ है। पीड़ित पिता का दावा है कि उन्होंने स्वयं भी नवजात लड़के को देखा था।
रेफर के खेल में बदला गया नवजात?
बलराम शर्मा ने आरोप लगाया कि जन्म के कुछ ही देर बाद डॉ. पी. आलम ने बच्चे को सांस लेने में तकलीफ होने की बात कहकर अपने ही निर्देश पर फुलौत चौक, उदाकिशुनगंज स्थित ‘एस.एन. क्लिनिक’ (S.N. Clinic) में रेफर कर दिया। वहां बच्चे को करीब 4 घंटे तक एडमिट रखने के बाद स्थिति गंभीर बताकर पूर्णिया रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने नवजात को मृत घोषित कर दिया।
दाह संस्कार के वक्त खुला राज
परिजन जब रोते-बिलखते नवजात के शव को लेकर घर लौटे और दाह संस्कार की तैयारी के दौरान शव के कपड़े बदले, तो उनके होश उड़ गए। मृत नवजात लड़का नहीं, बल्कि एक लड़की थी। यह देखते ही परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित पिता बलराम शर्मा ने आरोप लगाया है कि ग्लोबल हॉस्पिटल और एस.एन. क्लिनिक के संचालकों ने मिलीभगत कर उनके जीवित लड़के को किसी दूसरे को दे दिया और उसके बदले मृत बच्ची थमा दी। उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और अनुसंधानकर्ता SI ज्योतिष कुमार द्वारा दोनों अस्पतालों की भूमिका, सीसीटीवी फुटेज और मेडिकल रिकॉर्ड की गहनता से जांच की जा रही है।
