कटनी – साधारण परिवार से निकलकर अपनी मेहनत और लगन के दम पर शासकीय तिलक महाविद्यालय कटनी की मेधावी पूर्व छात्रा वंदना नामदेव ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। गणित विषय में एमएससी करने वाली वंदना का चयन सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor – Mathematics) के पद पर हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की गेट 2026 परीक्षा भी उत्तीर्ण कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। वंदना सेट क्वालिफाईड भी हैं।
सिलाई कार्य करने वाले पिता की बेटी ने रचा सफलता का अध्याय
वंदना नामदेव के पिता श्री संतोष कुमार नामदेव सिलाई का कार्य करते हैं, जबकि माता श्रीमती सुनीता नामदेव हैं। सीमित संसाधनों वाले परिवार से आने वाली वंदना ने अपनी पढ़ाई के दौरान निरंतर मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने वर्ष 2018 में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय से स्कूली शिक्षा पूर्ण की। इसके बाद वर्ष 2021 में शासकीय कन्या महाविद्यालय से बीएससी तथा वर्ष 2023 में शासकीय तिलक महाविद्यालय कटनी से एमएससी (Mathematics) की उपाधि प्राप्त की।
तिलक कॉलेज के शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया श्रेय
अपनी सफलता का विशेष श्रेय वंदना ने शासकीय तिलक महाविद्यालय में एमएससी के दौरान मार्गदर्शन देने वाले प्राध्यापकों डॉ. राहुल कुमार मौर्य, श्री शंकर कुमार मेहता एवं श्री धीरज कुमार को दिया है।
वंदना ने कहा कि तिलक कॉलेज में एमएससी की पढ़ाई के दौरान उन्हें प्राध्यापकों का बेहतरीन मार्गदर्शन मिला। गणित जैसे विषय के कठिन कॉन्सेप्ट्स को सरलता से समझाने, परीक्षा की सही दिशा में तैयारी कराने और हर स्तर पर प्रोत्साहित करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि शासकीय तिलक महाविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण उनकी सफलता की नींव बना।
वंदना की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि शासकीय तिलक महाविद्यालय और कटनी जिले के लिए भी गौरव का विषय है। उनकी सफलता सीमित संसाधनों के बीच मेहनत, निरंतर अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देती है।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
