पटना: बिहार में बाल विवाह पर प्रभावी रोक लगाने और बालिकाओं की शिक्षा को निरंतर बनाए रखने के लिए बिहार शिक्षा विभाग ने कड़े और व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग के अपर मुख्य सचिव सी० के० अनिल ने 27 नवंबर 2026 को सभी क्षेत्रीय शिक्षा उप-निदेशक (RDD), जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) और प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) को पत्र जारी कर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम, 2006 के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत टास्क फोर्स में सक्रिय भागीदारी तथा विद्यालयों में सघन जन-जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
यह आदेश समाज कल्याण विभाग के पत्र (ज्ञापांक – WCDC/3444/26, दिनांक 23.11.2026) और पटना में 27 नवंबर 2026 को हुई राष्ट्रीय महिला आयोग की बैठक में लिए गए निर्णयों के आलोक में जारी किया गया है। 27 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह रोधक दिवस के अवसर पर जारी इस निर्देश में शिक्षा विभाग के अधिकारियों और विद्यालयों को कई अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं:
1. टास्क फोर्स में शत-प्रतिशत उपस्थिति
जिला, अनुमंडल, प्रखंड और पंचायत स्तर पर गठित टास्क फोर्स में शिक्षा विभाग के नामित सदस्यों (जैसे जिला स्तर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, अनुमंडल स्तर पर अनुमंडल स्तरीय इंटरस्तरीय विद्यालय के प्राचार्य, प्रखंड स्तर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी और पंचायत स्तर पर अध्यक्ष-सह-मुखिया द्वारा नामित प्रधानाध्यापक) को बैठकों में सक्रिय भागीदारी और शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करनी होगी।
2. कक्षा 6 से 12 की छात्राओं की ट्रैकिंग प्रणाली
मध्य, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक की छात्राओं की अनुपस्थिति पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई छात्रा लगातार एक सप्ताह तक स्कूल नहीं आती है, तो शिक्षक उसके घर जाकर अनुपस्थिति का कारण जानेंगे। 18 वर्ष से कम उम्र की छात्रा के विवाह की आशंका होने पर पंचायत, प्रखंड, अनुमंडल या जिला स्तरीय टास्क फोर्स को तुरंत सूचित करने के साथ Childline (1098) पर गोपनीय सूचना देनी होगी।
3. ड्रॉपआउट हॉटस्पॉट्स की पहचान और वापसी अभियान
जिला शिक्षा पदाधिकारियों को अपने जिले में ऐसे ‘हॉटस्पॉट्स’ चिह्नित करने को कहा गया है, जहां बालिकाओं के स्कूल छोड़ने (ड्रॉपआउट) की दर सबसे अधिक है। ऐसे क्षेत्रों में घर-घर अभियान चलाकर बालिकाओं को पुनः विद्यालय से जोड़ा जाएगा।
4. चेतना सत्र, PTM और जागरूकता क्लब
- विद्यालयों में ‘मीना मंच’, ‘बाल संसद’ और किशोरी स्वास्थ्य व कल्याण कार्यक्रमों के माध्यम से बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाई जाएगी।
- सप्ताह में कम से कम एक दिन चेतना सत्र में बाल विवाह के स्वास्थ्य, शैक्षणिक, कानूनी और मानसिक दुष्प्रभावों पर चर्चा होगी।
- अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) में “बेटी स्कूल जाए, बाल विवाह नहीं”, “बाल विवाह रोको”, “बेटी को पढ़ने दो” जैसे संदेश प्रसारित किए जाएंगे।
- स्कूलों में ‘जागरूकता क्लब’ का गठन कर निबंध, वाद-विवाद, नुक्कड़ नाटक और चित्रकला के जरिए संदेश दिया जाएगा, साथ ही बालकों में भी बाल विवाह प्रतिषेध का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा।
5. कानूनी प्रावधानों की जानकारी और दंड
अभिभावकों, छात्रों और समुदाय को विवाह की कानूनी उम्र—लड़कियों के लिए 18 वर्ष और लड़कों के लिए 21 वर्ष—की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उल्लंघन पर 2 वर्ष तक कठोर कारावास या 1 लाख रुपये जुर्माना अथवा दोनों के दंडात्मक प्रावधानों से भी अवगत कराया जाएगा।
6. स्थानीय समन्वय और प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ
संभावित बाल विवाह की त्वरित सूचना के लिए शिक्षक, प्रधानाध्यापक और बीईओ मुखिया, आंगनबाड़ी सेविका, आशा, जीविका दीदियों, वार्ड सदस्य और सरपंच जैसे स्थानीय प्रतिनिधियों से समन्वय बनाए रखेंगे। विद्यालयों के आसपास Childline 1098 का नंबर प्रदर्शित किया जाएगा। इसके अलावा साइकिल, पोशाक, छात्रवृत्ति योजना और ‘मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना’ का लाभ समय पर और दृढ़ता से लाभुकों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है ताकि बालिकाएं अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि ये निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। की गई कार्रवाई का समेकित प्रतिवेदन हर माह जिला पदाधिकारी और विभाग को उपलब्ध कराना होगा, जबकि सभी RDD इसका सतत अनुश्रवण करेंगे।
