उदाकिशुनगंज (मधेपुरा): सहरसा जिले के सोनबरसा प्रखंड अंतर्गत बैठ मुसहरी पंचायत के तारारही गांव के वार्ड संख्या दो में जितिया पर्व के अवसर पर दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। देर रात तक चले भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा।
मेला कमेटी के अध्यक्ष अनिल मंडल उर्फ मंडल मुरमुर ने बताया कि गांव में प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी जितिया पर्व के अवसर पर दो दिवसीय भक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाहर से पहुंचे कलाकारों ने जितिया पर्व तथा देवी भक्ति से जुड़े गीतों की प्रस्तुति दी। महिला कलाकारों के भक्ति गीतों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
कार्यक्रम के दौरान संथाल परंपरा के तहत विभिन्न देवी गीतों की प्रस्तुति की गई। इसके अलावा अन्य भक्ति गीतों ने भी श्रद्धालुओं को कार्यक्रम स्थल पर बांधे रखा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मेला कमेटी के सदस्यों ने व्यवस्था संभाली।
कार्यक्रम में पूर्व मुखिया बाबूलाल सोरेन, अनिल मरांडी, कुमार मरांडी, एतवारी मरांडी, जागेश्वर सोरेन, जगन मुर्मू, दिनेश मरांडी, नारायण सोरेन, तल्लू सोरेन, बबलू सोरेन, नवीन सोरेन, दरबारी सोरेन सहित राम बाबा एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
