पटना:
बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने विधान परिषद के स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन को लेकर एक महत्वपूर्ण अधिसूचना जारी की है। मतदान के दिन, यानी 23 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को संबंधित क्षेत्रों के मतदाताओं के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश (स्पेशल कैजुअल लीव) स्वीकृत किया गया है।
इन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए लागू होगा आदेश
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, यह विशेष आकस्मिक अवकाश निम्नलिखित क्षेत्रों के मतदाताओं पर लागू होगा:
- स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: पटना स्नातक, तिरहुत स्नातक, दरभंगा स्नातक एवं कोशी स्नातक।
- शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: पटना शिक्षक, तिरहुत शिक्षक, दरभंगा शिक्षक एवं सारण शिक्षक।
मताधिकार के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए फैसला
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत यह निर्णय लिया गया है ताकि संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों के स्नातक और शिक्षक मतदाता बिना किसी असुविधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
सरकार के अपर सचिव रजनीश कुमार के हस्ताक्षर से जारी इस अधिसूचना की प्रतिलिपि सभी संबंधित विभागों, प्रमंडलीय आयुक्तों, जिलाधिकारियों और आयोगों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।
