पूर्णिया:
बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। आगामी 23 अक्टूबर 2026 को होने वाले मतदान और 27 अक्टूबर को होने वाली मतगणना को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को अधिकारियों ने जिला स्कूल पूर्णिया परिसर स्थित परीक्षा भवन का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त पूर्णिया प्रमंडल श्री दिनेश कुमार (भा०प्र०से०) एवं चुनाव प्रेक्षक श्री प्रेम सिंह मीणा (भा०प्र०से०) ने वज्रगृह (Strong Room) सह मतगणना केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था और तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया। इस मौके पर पूर्णिया के जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार (भा०प्र०से०) तथा वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन (भा०पु०से०) सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे।
23 अक्टूबर को मतदान, 27 को होगी मतगणना
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार:
- मतदान की तिथि व समय: 23 अक्टूबर 2026, प्रातः 08:00 बजे से अपराह्न 04:00 बजे तक।
- मतगणना की तिथि व स्थल: 27 अक्टूबर 2026, जिला स्कूल परिसर (पूर्णिया) स्थित बिहार विद्यालय परीक्षा केंद्र।
आयोग के दिशा-निर्देशों के कड़ाई से पालन के निर्देश
निरीक्षण के दौरान प्रमंडलीय आयुक्त श्री दिनेश कुमार ने उपस्थित सभी वरीय एवं नोडल पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि वे भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करें। उन्होंने वज्रगृह की थ्री-लेयर सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, विद्युत आपूर्ति, अग्निशमन व्यवस्था तथा मतगणना हॉल में टेबल और बैरिकेडिंग से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां ससमय पूरी करने का आदेश दिया।
