उदाकिशुनगंज (मधेपुरा): भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के तत्वाधान में निकाली जा रही ‘संविधान बचाओ पदयात्रा’ अपने चौथे दिन उदाकिशुनगंज प्रखंड की ऐतिहासिक धरती पर पहुंची। इस दौरान पदयात्रा का स्थानीय कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में उदाकिशुनगंज के पूर्व प्रमुख और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. धीरेंद्र यादव मौके पर पहुंचे और पदयात्रा को अपना पूर्ण नैतिक समर्थन दिया। इस दौरान उन्होंने पदयात्रा में शामिल होकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस नेतृत्व के साथ मजबूती से खड़े रहने का संकल्प दोहराया।
डॉ. धीरेंद्र यादव ने कहा कि यह यात्रा देश में संविधान और आम नागरिकों के अधिकारों की रक्षा का सशक्त माध्यम बन चुकी है। उन्होंने इस अभियान के जरिए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, सोनिया गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, श्री राजेश राम, पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव तथा मधेपुरा जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ चौधरी के हाथों को मजबूती प्रदान करने की बात कही।
यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और आम जनमानस मौजूद रहे। पदयात्रा में शामिल नेताओं ने संविधान पर हो रहे हमलों के खिलाफ एकजुट होकर जनआंदोलन खड़ा करने का आह्वान किया।
