उदाकिशुनगंज (मधेपुरा)। प्रखंड क्षेत्र के सभी 143 प्रारंभिक एवं उच्च विद्यालयों में शनिवार को व्यापक स्तर पर शिक्षक-अभिभावक संगोष्ठी (PTM) आयोजित की जाएगी। शिक्षा विभाग द्वारा इस बार संगोष्ठी का मुख्य थीम ‘निपुण पथ : पढ़ना, लिखना व गणना’ निर्धारित किया गया है। विभाग ने आयोजन की सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
लापरवाही पर नपेगी जिम्मेदारी, कटेगा एक दिन का वेतन
प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ) सागर कुमार चौधरी ने सभी विद्यालय प्रधानों को दिशा-निर्देश जारी करते हुए सख्त रुख अपनाया है। बीईओ ने स्पष्ट किया कि संगोष्ठी संचालन में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिस विद्यालय में कार्यक्रम आयोजित नहीं पाया जाएगा, वहां के संबंधित कर्मियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटने की अनुशंसा की जाएगी।
राज्य स्तर पर शीर्ष स्थान बरकरार रखने की कवायद
जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) संजय कुमार ने बताया कि मधेपुरा जिला जनवरी माह से लगातार शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर राज्य स्तर पर अग्रणी स्थान पर बना हुआ है। इस रैंकिंग को बरकरार रखने के लिए प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (PBL) टेक्निकल टीम लगातार अभिभावकों से संपर्क साध रही है।
प्रखंड स्तर पर टेक्निकल टीम के सदस्यों को पंचायतवार निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है:
- बंदना कुमारी: संपूर्ण नगर परिषद क्षेत्र
- शैलेश कुमार चौरसिया: शाहजादपुर, खाड़ा, पिपरा करौती एवं बराही आनंदपुरा
- सुनील कुमार चौरसिया: गोपालपुर एवं मधुबन
- मंजर आलम: जोतेली, मंजौरा, बीरीरणपाल, लश्करी, बुधमा एवं नयानगर पंचायत
प्रगति पत्रक वितरण, पेंटिंग और भाषण प्रतियोगिताएं
टेक्निकल टीम के सदस्य शैलेश कुमार चौरसिया ने कहा कि लगातार हो रही संगोष्ठियों से स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति दर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। टीम सदस्य बंदना कुमारी ने जानकारी दी कि बैठक के दौरान अभिभावकों को छात्र-छात्राओं के अर्धवार्षिक परीक्षा का प्रगति पत्रक (Report Card) सौंपा जाएगा। इसके अलावा प्राथमिक कक्षाओं के बच्चों के लिए पेंटिंग तथा उच्च विद्यालयों में भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
माध्यमिक शिक्षक संघ की अनुमंडल पार्षद अमृता कुमारी एवं पीबीएल सदस्य मंजर आलम ने सभी अभिभावकों से समय पर विद्यालय पहुंचकर संगोष्ठी में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।
