सुपौल :- कोशी नदी के जलस्तर में वृद्धि एवं जल संसाधन विभाग द्वारा जारी हाई अलर्ट के मद्देनजर शुक्रवार को जिलाधिकारी सावन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. ने पूर्वी कोशी तटबंध के स्पर किलोमीटर 10. का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बाढ़ सुरक्षा को लेकर की गई तैयारियों का जायजा लिया और तटबंध की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अभियंताओं एवं कर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ तटबंध की नियमित निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक संसाधन एवं पर्याप्त मानवबल तैयार रखने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बाढ़ सुरक्षा कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को तटबंध की 24×7 निगरानी सुनिश्चित करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि तटबंध एवं कोशी नदी की स्थिति में किसी भी प्रकार के असामान्य बदलाव अथवा संभावित खतरे की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
