खगड़िया, 27 सितंबर 2026। देश बचाओ अभियान के बैनर तले रविवार को सदर अस्पताल चौक, खगड़िया में “बेटी बचाओ, संविधान बचाओ, लोकतंत्र बचाओ” के नारों के साथ प्रतिरोध कैंडल मार्च निकाला गया। कार्यक्रम में पटना के बाढ़ क्षेत्र के लखाचक-बेलछी में 12 वर्षीय नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मृतका की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर एवं कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सदर अस्पताल चौक से प्रतिरोध कैंडल मार्च निकाला। मार्च के दौरान दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई, पीड़ित परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा आश्रित परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि महिलाओं और बच्चियों के साथ होने वाली दुष्कर्म, छेड़छाड़ एवं हिंसा की घटनाओं पर प्रभावी ढंग से रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने अश्लील हरकत एवं छेड़छाड़ करने वाले आरोपितों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ भी नारेबाजी की गई।
प्रतिरोध सभा को संबोधित करते हुए देश बचाओ अभियान के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष किरण देव यादव ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि बच्चियों और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। उन्होंने बिहार सहित देश के विभिन्न हिस्सों में सामने आ रही महिला हिंसा की घटनाओं पर चिंता जताई और दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने सरकार की नीतियों और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए तथा बिहार एवं केंद्र सरकार से नैतिक जिम्मेदारी के आधार पर इस्तीफे की मांग की। सभा में वक्ताओं ने सरकार पर जातीय मानसिकता से ग्रसित होकर शासन चलाने का आरोप लगाया और कहा कि इससे आम लोगों में आक्रोश बढ़ रहा है।
सभा की अध्यक्षता किरण देव यादव ने की, जबकि मंच संचालन पंकज यादव ने किया। मौके पर धर्मेंद्र कुमार, राजेश कुमार, मधुबाला, सतीश कुमार, बिट्टू कुमार सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने घटना की घोर निंदा करते हुए कहा कि महिलाओं एवं बच्चियों की सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने मृतका के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषियों को कानून के तहत कठोरतम सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।
खगड़िया:दोषियों को कड़ी सजा, पीड़ित परिवार को सुरक्षा व एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की उठी मांग
गौरव कबीर
गौरव कबीर एक समर्पित पत्रकार और समाचार क्षेत्र से जुड़े प्रोफेशनल हैं, जिनकी विशेष रुचि समसामयिक घटनाओं, राजनीति, सामाजिक मुद्दों और जमीनी स्तर की खबरों में है। अपनी स्पष्ट और तथ्यपरक रिपोर्टिंग के लिए पहचाने जाने वाले गौरव कबीर महत्वपूर्ण समाचारों को सरल, संतुलित और पाठकों के लिए सहज भाषा में प्रस्तुत करने पर जोर देते हैं।
Related Posts
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 Dainikbharatbhoomi.com. All Rights Reserved
