सुपौल :- कोशी नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के बीच 27 सितंबर 2026 की शाम 7 बजे कोसी बराज से पानी का कुल डिस्चार्ज 2,00,745 क्यूसेक दर्ज किया गया। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार डाउनस्ट्रीम डिस्चार्ज 1,97,945 क्यूसेक रहा, जबकि ईस्ट कोसी मेन कैनाल (E.K.M.C.) में डिस्चार्ज शून्य और वेस्ट कोसी मेन कैनाल (W.K.M.C.) में 2,800 क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
वहीं, नेपाल के बराह क्षेत्र में (B.K.S.) में शाम 7 बजे 1,14,200 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। यह आंकड़ा फ्लो (F) के रूप में दर्ज किया गया है।
कोसी बराज से लगातार घटते डिस्चार्ज के बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासन की निगरानी जारी है। निचले इलाकों और तटबंध के अंदर बसे गांवों में जलस्तर तथा आवागमन की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
कोशी में बढ़ा जलस्तर, 70 गांवों के करीब 80 हजार लोग प्रभावित
3.16 लाख क्यूसेक पानी बराज से छोड़े जाने के बाद प्रशासन अलर्ट, 169 निजी नावों का परिचालन शुरू
मालूम हो कि कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण जिले में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई थी। जिला प्रशासन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार 26 सितंबर को पूर्वाह्न पांच बजे कोसी बराज से 3,16,795 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई। इससे जिले के करीब 70 गांवों की लगभग 80 हजार आबादी प्रभावित हुई है।
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुपौल, किशनपुर, सरायगढ़-भपटियाही, निर्मली एवं मरौना अंचल के अंचलाधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन के नेतृत्व में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है।
169 निजी नावों का परिचालन
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तटबंध के अंदर तथा निचले इलाकों में फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने और आवागमन सुगम बनाने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यकतानुसार कुल 169 निजी नावों का परिचालन शुरू किया गया है। नावों के माध्यम से प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
21 सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित
बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन उपलब्ध कराने के लिए जिले में कुल 21 सामुदायिक रसोई केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। प्रशासन के अनुसार इन केंद्रों के माध्यम से अब तक 16,894 लोगों को भोजन कराया जा चुका है। प्रभावित इलाकों में फंसे लोगों तक राहत पहुंचाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार प्रयास जारी हैं।
2701 पॉलिथीन शीट का वितरण
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों के बीच अब तक 2701 पॉलिथीन शीट का वितरण किया जा चुका है। प्रशासन का कहना है कि प्रभावित लोगों की जरूरत के अनुसार राहत सामग्री उपलब्ध कराने की कार्रवाई जारी है।
जिला प्रशासन की ओर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। कोसी बराज से पानी का डिस्चार्ज शनिवार शाम तक घटकर 2,90,370 क्यूसेक दर्ज किया गया था, जिससे प्रशासन को कुछ राहत मिली है। जल संसाधन विभाग और जिला प्रशासन तटबंधों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
