खगड़िया जिले के बेलदौर प्रखंड अंतर्गत कैंजरी पंचायत निवासी पत्रकार सुमलेश कुमार के निज आवास पर रविवार को नव नियुक्त बिहार प्रदेश मीडिया प्रभारी सह प्रवक्ता धर्मेंद्र कुमार मिश्रा का भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर पत्रकार सुमलेश कुमार ने उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
सम्मान समारोह के दौरान संगठन की मजबूती, विस्तार एवं आगामी कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में संगठन को पंचायत, प्रखंड एवं जिला स्तर तक मजबूत बनाने, सक्रिय एवं कर्मठ पत्रकारों को संगठन से जोड़ने तथा पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर विचार-विमर्श किया गया।
नव नियुक्त प्रदेश मीडिया प्रभारी सह प्रवक्ता धर्मेंद्र कुमार मिश्रा ने सम्मान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन द्वारा सौंपी गई नई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जवाबदेही भी है। पत्रकारों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने और संगठन को सशक्त बनाने के लिए वे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों के हित, सम्मान एवं सुरक्षा के लिए एकजुट होकर आवाज बुलंद करना है। पत्रकारों की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है।
इस अवसर पर जिला प्रेस क्लब खगड़िया के अध्यक्ष सुमलेश कुमार, संरक्षक किरण देव यादव, समाजसेवी मुन्ना कुमार, बाबा नरेश दास, विक्रम शर्मा, प्रखंड संरक्षक ऋषभ कुमार, नवल किशोर गुप्ता, राजू रईन, रामवृक्ष यादव सहित स्थानीय पत्रकार एवं संगठन से जुड़े अन्य सदस्यों ने नव नियुक्त प्रदेश मीडिया प्रभारी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
बैठक के अंत में आगामी दिनों में संगठन विस्तार को लेकर ठोस रणनीति तैयार करने तथा पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने पर सहमति बनी।
