मधेपुरा (ब्यूरो): बिहार के मधेपुरा जिले के उदाकिशुनगंज अनुमंडल मुख्यालय से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां निजी नर्सिंग होम और एनआईसीयू (NICU) की संदिग्ध भूमिका के बीच एक नवजात बच्चे की हेरा-फेरी का आरोप लगा है।
परिजनों का दावा है कि सिजेरियन ऑपरेशन से उन्हें लड़का पैदा हुआ था, लेकिन इलाज के दौरान मौत के बाद उन्हें लड़की का शव थमा दिया गया। इस मामले को लेकर पीड़ित परिवार ने उदाकिशुनगंज थाने में लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
उदाकिशुनगंज थाने में दिए गए आवेदन में नवजात के पिता बलराम शर्मा ने बताया कि बीते बुधवार की रात करीब 2 बजे उन्होंने अपनी पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर उदाकिशुनगंज स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया था।
बुधवार दोपहर करीब 2 बजे डॉक्टरों ने सिजेरियन ऑपरेशन किया, जिसके बाद एक स्वस्थ लड़के का जन्म हुआ।
परिजनों के अनुसार, जन्म के कुछ देर बाद डॉक्टरों ने बच्चे की तबीयत बिगड़ने का हवाला देते हुए उसे उदाकिशुनगंज के ही एक निजी एनआईसीयू (NICU) में भर्ती कराने की सलाह दी।
वहां भी जब नवजात की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ, तो परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए एंबुलेंस से पूर्णिया स्थित एक एनआईसीयू ले गए, जहां इलाज के दौरान नवजात की मौत हो गई।
कपड़ा हटाते ही उड़े परिजनों के होश
पूर्णिया में बच्चे की मौत के बाद जब परिजन शव को लेकर लौटे और कपड़े हटाकर देखा, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जिस नवजात को वे अपना बेटा समझ रहे थे, वह लड़का नहीं बल्कि एक लड़की थी।
बच्चा बदले जाने की आशंका से आक्रोशित परिजन नवजात के शव को लेकर सीधे उदाकिशुनगंज थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस की कार्रवाई और डॉक्टरों की सफाई
शिकायत मिलते ही उदाकिशुनगंज पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित एनआईसीयू संचालक और प्रसव कराने वाले निजी नर्सिंग होम के चिकित्सक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया।
थाने में पूछताछ के दौरान निजी नर्सिंग होम के डॉक्टर ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उनके अस्पताल में महिला ने लड़के को ही जन्म दिया था और परिजनों को लड़का ही सौंपा गया था। बच्चे की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे एनआईसीयू में रेफर किया गया था।
डॉक्टर ने कहा कि उनके नर्सिंग होम से कोई हेरा-फेरी नहीं हुई है, प्रसूता अभी भी उन्हीं के अस्पताल में इलाजरत है। एनआईसीयू जाने के बाद लड़का, लड़की में कैसे बदल गया, यह बेहद चौंकाने वाला और जांच का विषय है।
डीएनए टेस्ट और पोस्टमार्टम से खुलेगा राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए उदाकिशुनगंज थानाध्यक्ष सुधाकर कुमार ने कहा कि नवजात की हेरा-फेरी एक बेहद संवेदनशील और गंभीर अपराध है। इस वारदात को जिसने भी अंजाम दिया है, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने बताया कि सच का पता लगाने के लिए मृत नवजात का पोस्टमार्टम और डीएनए (DNA) टेस्ट शुक्रवार को भागलपुर स्थित जेएनकेटी (JNKT) मेडिकल अस्पताल में कराया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो सकेगा।
