चौसा (मधेपुरा): चौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत रसलपुर धुरिया पंचायत में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर खूनी खेल खेलते हुए टेंट मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, रसलपुर धुरिया पंचायत के मेहता टोली (वार्ड नंबर 4) निवासी स्वर्गीय कमलेश्वरी मेहता के 40 वर्षीय पुत्र बबलू मेहता बुधवार की देर रात करीब 10:30 बजे टेंट का काम निपटाकर घर लौट रहे थे। घर से महज 100 मीटर पहले घात लगाए अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
तीन राउंड फायरिंग, दो गोलियां लगीं
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, अपराधियों ने कुल तीन राउंड गोलियां चलाईं। पहली गोली मिस हो गई, जबकि दूसरी गोली बबलू मेहता के हाथ (बांह) में और तीसरी गोली उनके बाएं पंजरे (सीने के पास) में जा धंसी। गोली की आवाज सुनकर जब तक आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, अपराधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे।
अस्पताल ले जाने के दौरान हुई मौत
गोली लगने से लहूलुहान बबलू मेहता को आनन-फानन में परिजनों द्वारा चौसा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जननायक कर्पूरी ठाकुर मेडिकल कॉलेज, मधेपुरा रेफर कर दिया। मधेपुरा में भी हालत नाजुक बनी रहने के कारण परिजन देर रात उन्हें सहरसा के एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) पवन कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रभारी थानाध्यक्ष राजकिशोर कुमार से घटना की विस्तृत जानकारी ली और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस परिजनों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
