मधेपुरा। बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ गोपगुट जिला शाखा मधेपुरा की बैठक वेदव्यास महाविद्यालय में जिला सचिव रविंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक का संचालन संयुक्त सचिव सत्येंद्र कुमार ने किया। इसमें शिक्षक-कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान और जिला सम्मेलन की तैयारी पर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए महासंघ गोपगुट के अध्यक्ष एवं बिहार राज्य प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप कुमार पप्पू ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों से लाखों शिक्षक-कर्मचारी प्रभावित हैं। उन्होंने पुरानी पेंशन लागू करने, शिक्षकों को पूर्ण वेतनमान व प्रोन्नति देने, सरल स्थानांतरण नीति लागू करने, बायोमेट्रिक एवं ऑनलाइन उपस्थिति बंद करने समेत विभिन्न मांगों को उठाया।
उन्होंने कहा कि रसोइया, आशा, अनुबंध, मानदेय एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों की सेवा स्थायी कर वेतनमान लागू करने, महिला पर्यवेक्षिका की सेवा स्थायी करने तथा आठवां वेतनमान लागू कराने सहित अन्य मांगों को लेकर कर्मचारियों की एकजुटता जरूरी है।
बैठक में सर्वसम्मति से 28 एवं 29 नवंबर 2026 को मधेपुरा में जिला महासंघ गोपगुट का दो दिवसीय सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया। जिला सचिव रविंद्र कुमार एवं सम्मानित अध्यक्ष बिनोद कुमार बिमल ने बताया कि अक्टूबर में सभी प्रखंडों का दौरा कर सघन संपर्क अभियान चलाया जाएगा। सम्मेलन की सफलता के लिए तीन सदस्यीय स्वागत समिति का गठन भी किया गया।
संयुक्त सचिव सत्येंद्र कुमार ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों समेत सभी विभागों के कर्मचारियों की सम्मेलन में भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में रविंद्र कुमार, बिनोद कुमार बिमल, बिनोद कुमार राम, सत्येंद्र कुमार, रीतेश सिन्हा, घनश्याम चौपाल समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
