उदाकिशुनगंज (मधेपुरा): प्रखण्ड संसाधन केन्द्र (BRC) उदाकिशुनगंज के प्रांगण में सोमवार को ‘प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग’ (PBL) कार्यक्रम के तहत माइक्रो इम्प्रूवमेंट प्रोजेक्ट (MIP-4.5) पर आधारित एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखण्ड शिक्षा पदाधिकारी (BEO) सागर कुमार चौधरी ने की।
कार्यशाला के दौरान बीईओ ने पीबीएल से जुड़े सभी शिक्षकों, शिक्षिकाओं, प्रधानाध्यापकों तथा प्रखण्ड तकनीकी टीम को निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने पर बधाई दी।
अभिभावकों के बीच जाए पीबीएल का सकारात्मक संदेश
बैठक को संबोधित करते हुए बीईओ सागर कुमार चौधरी ने निर्देश दिया कि आगामी अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (PTM) में प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग पर अनिवार्य रूप से चर्चा की जाए। उन्होंने कहा कि पीटीएम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट्स की प्रदर्शनी लगाई जाए, जिससे अभिभावकों तक पीबीएल कार्यक्रम का सकारात्मक संदेश पहुंचे और वे बच्चों के व्यावहारिक शिक्षण से अवगत हो सकें।
विज्ञान और गणित को रोचक बनाने में पीबीएल कारगर
प्रखण्ड तकनीकी टीम के सदस्य शैलेश कुमार चौरसिया ने कहा कि विज्ञान और गणित जैसे विषयों को रोचक और सरल तरीके से सिखाने में पीबीएल पद्धति अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रही है। शिक्षकों को इसे अपनी दैनिक शिक्षण शैली का मुख्य हिस्सा बनाना चाहिए।
उल्लेखनीय है कि उदाकिशुनगंज प्रखण्ड के सभी विद्यालयों ने पीबीएल के तहत सितंबर माह की एमआईपी (MIP) को समय पर पूरा कर जिले में अपना सर्वोच्च स्थान बरकरार रखा है।
इस अवसर पर प्रखण्ड तकनीकी टीम के सदस्य मंजर आलम, बंदना कुमारी, वर्षा कुमारी सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
