मधेपुरा। आगामी कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर जन सुराज ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिला कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गजेंद्र यादव ने की। बैठक में कोसी स्नातक एमएलसी प्रत्याशी रजनीश रंजन सहित राज्य, क्षेत्रीय, जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में पंचायत एवं बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, स्नातक मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने तथा चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की गई। प्रत्याशी रजनीश रंजन ने बेरोजगार स्नातकों को स्वरोजगार से जोड़ने, पांच लाख रुपये तक ब्याजमुक्त ऋण अथवा अनुदान की व्यवस्था की मांग उठाने की बात कही।
उन्होंने ‘एक पाठ्यक्रम, एक वेतनमान’ लागू करने, वित्त रहित शिक्षा व्यवस्था समाप्त करने, स्नातकों के लिए जीवन सुरक्षा बीमा तथा शिक्षकों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, संविदाकर्मियों और बेरोजगार स्नातकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा की मांग को प्राथमिकता देने की बात कही।
रंजन ने बेरोजगार डिग्रीधारी रंगकर्मियों की समस्याओं को सदन में उठाने, रंगमंच से जुड़े युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने और नाट्यकला को शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने की मांग रखने की बात कही। इसके अलावा जिला मुख्यालय में सुसज्जित पुस्तकालय तथा अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर पुस्तकालय व ई-लाइब्रेरी की स्थापना और बेरोजगार स्नातकों के लिए मासिक भत्ते की मांग भी उठाई।
बैठक में क्षेत्रीय संगठन प्रभारी शशि कुमार यादव, जिला मुख्य प्रवक्ता रंजीत कुमार सिंह, चुनाव प्रभारी दीप नारायण यादव, व्यवसाय प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष राजीव कुमार उर्फ गुडु मुखिया,महिला अध्यक्ष मंजू सुमन,जनसुराज नेत्री अंजना यादव,खुशबू कुमारी ,मनोज झा,नीतीश कुमार,अफताफ आलम,दिलीप कुमार,सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत कर चुनावी गतिविधियों को गति देने का संकल्प लिया गया।
