कटिहार, बिहार 29 सितंबर। जिले के सभी संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों पर मंगलवार को ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के तहत सम्मान समारोह एवं पोषण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों, लाभार्थियों एवं ग्रामीण जनसमुदाय को आमंत्रित कर उनका अभिनंदन किया गया। इस दौरान सेविकाओं के सहयोग से स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों को लेकर सामूहिक चर्चा की गई।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सेविकाओं एवं सहायिकाओं द्वारा समुदाय स्तर पर किए जा रहे सराहनीय कार्यों को लेकर उन्हें सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं, स्वास्थ्य, पोषण एवं शिक्षा के प्रति जनसमुदाय को जागरूक करने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले लाभार्थियों को भी आभार पत्र प्रदान किया गया। अधिकारियों ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को समुदाय की सामूहिक भागीदारी और सहयोग से और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है।
गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा नवजातों के स्वास्थ्य की ली जा रही जानकारी
आईसीडीएस डीपीओ कुमारी पूर्णिमा ने बताया कि क्षेत्र की गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा नवजात शिशुओं के बेहतर स्वास्थ्य के लिए आंगनबाड़ी सेविकाओं द्वारा नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण किया जाता है। इस दौरान मां एवं शिशु के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ उनकी आवश्यकताओं को भी समझा जाता है।
उन्होंने बताया कि किसी लाभार्थी में स्वास्थ्य संबंधी समस्या पाए जाने पर उसे आवश्यकतानुसार नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल भेजा जाता है। इसके अलावा समय-समय पर एएनएम द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों पर लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। जरूरत के अनुसार लाभार्थियों को सामान्य चिकित्सकीय सहायता भी प्रदान की जाती है।
डीपीओ ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र केवल बच्चों के पोषण और प्रारंभिक शिक्षा तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मातृ-शिशु स्वास्थ्य, पोषण जागरूकता और सामुदायिक सहभागिता के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। ‘आंगन का मिलन’ जैसे कार्यक्रमों से समुदाय और आंगनबाड़ी केंद्रों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में मदद मिल रही है।
