सुपौल :- वीबीजी राम जी योजना के अंतर्गत विकसित ग्राम पंचायत योजना के निर्माण को लेकर मंगलवार को जिला परिषद, सुपौल के सभागार में एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से संबंधित पीओ, कनीय अभियंता, पंचायत तकनीकी सहायक एवं कार्यपालक सहायक शामिल हुए। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य वीबीजी राम जी योजना के अंतर्गत त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार करना था, ताकि योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रक्रियागत त्रुटि न रहे।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों द्वारा योजना निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इसमें डीपीओ, वीबीजी राम जी, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता तथा पीओ सरायगढ़ एवं पीओ पिपरा ने प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रतिभागियों को योजना की प्रक्रिया, आवश्यक प्रावधानों तथा पंचायत स्तर पर योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन से जुड़े बिंदुओं से अवगत कराया गया।
प्रखंड स्तर पर भी प्रशिक्षण देने का निर्देश
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त इंद्रवीर कुमार ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पदाधिकारियों एवं कर्मियों को प्रशिक्षण की बारीकियों को गंभीरता से समझने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर प्राप्त प्रशिक्षण को प्रखंड स्तर तक पहुंचाया जाए, ताकि वीबीजी राम जी योजना से जुड़े कर्मियों के साथ-साथ पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों को भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध हो सके।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों से योजनाओं के निर्माण में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित करने को कहा। डीडीसी ने गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण को योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए प्रखंड स्तर पर भी प्रशिक्षण एवं समन्वय को प्रभावी बनाने का निर्देश दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनित कुमार, निदेशक, एनईपी, डीआरडीए, सुपौल सहित वीबीजी राम जी योजना से संबंधित विभिन्न पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत स्तर पर योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाना है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से संबंधित योजनाओं को नियमानुसार आगे बढ़ाया जा सके।
