पूर्णिया:
जिले में अवैध मादक पदार्थों और शराब के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मद्यनिषेध विभाग को बड़ी कामयाबी मिली है। जिला पदाधिकारी श्री अंशुल कुमार (भा०प्र०से०) के निर्देश पर की गई ताबड़तोड़ छापेमारी में विभाग ने 100.200 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप, 62.730 लीटर विदेशी शराब और 5 लीटर अवैध देशी चुलाई शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक बाइक जब्त कर अवैध कारोबार में इस्तेमाल दो कमरों को सील कर दिया गया।
अलग-अलग इलाकों में हुई कार्रवाई का विवरण:
- के०हाट (पूर्णिया कोर्ट स्टेशन): गुप्त सूचना के आधार पर विभाग ने एक मकान पर छापेमारी की। यहाँ दो कमरों से 100.200 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप और 8.250 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया तथा भंडारण में प्रयुक्त दोनों कमरों को विधिवत सील कर दिया गया।
- डालकोला चेकपोस्ट: वाहन जांच के दौरान 26.760 लीटर विदेशी शराब के साथ एक आरोपी को दबोचा गया।
- डालकोला चेकपोस्ट (बाइक जब्ती): सघन जांच के दौरान एक अपाचे मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR38J-0849) से 27.720 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
- भवानीपुर (बनवारी टोला): छापेमारी दल ने 5 लीटर अवैध देशी चुलाई शराब बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया।
मद्यनिषेध विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में शराब और नशीली दवाओं के निर्माण, भंडारण, परिवहन व बिक्री के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
विभाग की अपील: आम नागरिक अवैध शराब या मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की सूचना तुरंत मद्यनिषेध विभाग को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
