सुपौल :- भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एस एस बी), वीरपुर द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान दो अलग-अलग कार्रवाइयों में करीब 401 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया। बरामद गांजा को संबंधित थानों को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 सितंबर 2026 को सीमा चौकी कुनौली के जवान नियमित ओपी ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान नेपाल से साइकिल के जरिए भारत की ओर आ रहे एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत होने पर जवानों ने उसे रोककर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपना नाम श्यामनारायण, निवासी ग्राम बगहेवा, जिला मधुबनी बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से करीब एक किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद गांजा, साइकिल और गिरफ्तार व्यक्ति को अग्रिम कार्रवाई के लिए कुनौली थाना के हवाले कर दिया गया।
कोशी नदी की धारा में बहकर आ रहा था गांजा
वहीं दूसरी कार्रवाई सीमा चौकी नरपतपट्टी क्षेत्र में की गई। एसएसबी के अनुसार, स्पर संख्या 1827 और सीमा स्तंभ संख्या 219/31 के समीप भारत की ओर कोशी नदी की धारा में एक ट्यूब के ऊपर कुछ संदिग्ध सामान बहता हुआ दिखाई दिया।
सूचना मिलते ही स्पेशल पेट्रोलिंग पार्टी मौके पर पहुंची और रस्सी की मदद से संदिग्ध सामान को सुरक्षित रूप से नदी के किनारे लाकर कब्जे में लिया। जांच करने पर सामान 12 पैकेटों में करीब 400 किलोग्राम संदिग्ध गांजा पाया गया।
बरामदगी की सूचना संबंधित रतनपुरा थाना को दी गई। आवश्यक जब्ती एवं कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद गांजा को अग्रिम कार्रवाई के लिए थाना रतनपुरा को सुपुर्द कर दिया गया।
कार्रवाई के दौरान सशस्त्र सीमा बल के सहायक उप निरीक्षक सतपाल सहाय, उप निरीक्षक योगेंद्र सहित अन्य बलकर्मी मौजूद रहे।
45वीं वाहिनी एसएसबी, वीरपुर के कमांडेंट गौरव सिंह ने कहा कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों और मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के साथ सीमा सुरक्षा को मजबूत बनाए रखने के लिए एसएसबी के जवान पूरी सतर्कता और तत्परता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
