जंगल में पड़ी मिली जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा, कांग्रेस में आक्रोश, दी चेतावनी
Last Updated:August 31, 2026, 15:24 IST
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा जंगल में मिलने पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. पार्टी ने नाराजगी जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है. फिलहाल पार्टी ने इसकी शिकायत दर्ज कराई है.

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा पड़ी हुई मिलने से हड़कंप मच गया है.
पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा को जंगल में फेंकने का मामला सामने आया है. इस पर कांग्रेस ने आपत्ति जाहिर करने के साथ ही शिकायत दर्ज कराई है और आंदोलन की चेतावनी दी है.
पार्टी का आरोप है कि प्रतिमा को उखाड़कर पास के जंगल में फेंक दिया गया था. कांग्रेस ने इस घटना से जुड़ी कुछ तस्वीरें भी साझा की हैं. जिनमें प्रतिमा जंगल में पड़ी हुई नजर आ रही है. पार्टी ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मूर्ति को दोबारा जगह पर लगाए जाने की मांग की है.
पश्चिम बंगाल कांग्रेस ने इस घटना की कड़ी निंदा की है. प्रदेश अध्यक्ष शुभांकर सरकार ने भी दुर्गापुर में हुई इस घटना पर नाराजगी जताई है. पार्टी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, “दुर्गापुर में हर्षवर्धन प्राइमरी स्कूल के बगल वाले मेडिटेशन सेंटर के सामने पंडित नेहरू की मूर्ति को क्रेन से उखाड़कर वहां से हटा दिया गया और पास के जंगल में फेंक दिया गया. इस घटना के खिलाफ जिला कांग्रेस ने पहले ही विरोध प्रदर्शन किया है और प्रशासन से मांग की है कि मूर्ति तुरंत उसकी पुरानी जगह पर वापस लगाई जाए.”
कांग्रेस ने तहकीकात की मांग करते हुए कहा है कि इसमें शामिल लोगों की तुरंत पहचान की जाए और तत्काल कार्रवाई की जाए. पार्टी का कहना है कि प्रशासन को जांच करनी चाहिए कि किस राजनीतिक दल के लोगों ने यह घिनौना काम किया है. हम कोई बहाना नहीं सुनेंगे. कांग्रेस ने मांग की कि पंडित नेहरू की मूर्ति को तुरंत सम्मान के साथ उसकी जगह पर वापस लगाया जाए. साथ ही इस घटना के सभी दोषियों को पहचानकर गिरफ्तार किया जाए और कानून के तहत कड़ी सजा दी जाए.
पार्टी ने आगे कहा कि पार्टियों के राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन देश के पहले प्रधानमंत्री का अपमान करने का हक किसी को नहीं है. कांग्रेस उन लोगों का राजनीतिक और लोकतांत्रिक रूप से पूरी ताकत के साथ विरोध करेगी जो इतिहास को मिटाना चाहते हैं और देश के स्वतंत्रता संग्राम के महान नेताओं का अपमान करना चाहते हैं.
कांग्रेस ने चेतावनी भी दी है. पार्टी का कहना है कि अगर प्रतिमा के सम्मान को लेकर तत्काल कदम नहीं उठाए जाते तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा. एक्स पोस्ट में कहा गया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को सम्मान के साथ दोबारा उसकी जगह पर लगाया जाना चाहिए और इस घटना के जिम्मेदार बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी तुरंत होनी चाहिए. अगर ऐसा नहीं होता तो कांग्रेस इस घटना के खिलाफ बड़ा लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करने के लिए मजबूर होगी.
About the Author
प्रिया गौतमSenior Correspondent
Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …
और पढ़ेंFirst Published :
August 31, 2026, 15:24 IST

