
Last Updated:August 31, 2026, 14:31 IST
ठाणे की खाड़ी में नहाने उतरे 3 लोगों की डूबने से मौत हो गई. इनके नाम आलम सय्यद, रिझवान सय्यद और साहिल पोलंदास बताए जा रहे हैं. फिलहाल कलवा पुलिस मामले की जांच कर रही है.

थाणे की खाड़ी में 3 युवकों की डूबने से मौत.
ठाणे के रेतीबंदर स्थित गणेश विसर्जन घाट पर जहां हर साल गणपति का विसर्जन किया जाता है, वहां मौत तीन दोस्तों को एक साथ बहा ले गई. ठाणे की खाड़ी में नहाने उतरे तीन लोग एक के बाद एक डूबते चले गए. उनके सामने पानी की खतरनाक लहरें बह रही थीं, लेकिन उन्हें गहराई का अंदाजा नहीं हुआ और वे मौत के मुंह में समा गए.
ठाणे स्थित मुंबई-नासिक हाईवे के किनारे हुए इस हादसे की जानकारी मिलते ही बचाव दल के लोग खाड़ी में उतरे और कई घंटों तक युवाओं को खोजते रहे.
मिली जानकारी के अनुसार, 30 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 3:08 बजे सूचना मिली कि ठाकूरपाड़ा, मुंब्रा निवासी तीन लोग खाड़ी में नहाने के लिए उतरे थे लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण तीनों पानी में डूबते चले गए. आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें डूबता देख पुलिस को जानकारी दी. इसके बाद तुरंत कलवा पुलिस, नारपोली पुलिस, अग्निशमन दल, आपदा प्रबंधन कक्ष और ठाणे आपदा प्रतिसाद दल (TDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं. हालांकि उन्हें ढूंढने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. टीडीआरएफ के जवानों ने करीब चार घंटे तक खाड़ी में खोजबीन करने के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला.
तीनों को तत्काल एंबुलेंस से छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल, कलवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान आलम सय्यद (42), रिझवान सय्यद (42) और साहिल पोलंदास (30) के रूप में हुई है. तीनों मुंब्रा के ठाकूरपाड़ा इलाके के रहने वाले बताए गए हैं. फिलहाल कलवा पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है.
About the Author
प्रिया गौतमSenior Correspondent
Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …
और पढ़ेंFirst Published :
August 31, 2026, 14:31 IST
