उदाकिशुनगंज प्रखंड के तीनों सामुदायिक जीविका संघ—पृथ्वी, स्वशक्ति एवं गांधी में नशामुक्ति को लेकर जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी संस्था से पधारीं बीके रंजू दीदी की गरिमामयी उपस्थिति रही। अभियान के दौरान लोगों को नशे के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही नशे से दूर रहने और परिवार तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सामुदायिक जीविका संघ के पदाधिकारियों, कर्मियों एवं जीविका दीदियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करने की प्रतिबद्धता जताई। इस अवसर पर लोगों से अपील की गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी नशे की लत छोड़ने के लिए प्रेरित करें। नशामुक्त परिवार ही स्वस्थ, सुरक्षित और सशक्त समाज की मजबूत नींव है।
