कई वर्षों से स्थानीय लोगों ने कर रखा था कब्जा, सीओ और पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई कार्रवाई
मुरलीगंज-बिहारीगंज एसएच-91 के किनारे भेलाही वार्ड 3 स्थित सरकारी भवन से गुरुवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाया। बताया गया कि रेन बसेरा भवन पर स्थानीय लोगों ने कई वर्षों से अतिक्रमण कर रखा था। प्रशासन की ओर से पूर्व में कई बार मौखिक रूप से अतिक्रमण हटाने को लेकर समझाया गया, लेकिन इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद गुरुवार को सीओ किसलय कुमार के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों की मौजूदगी में सख्ती के साथ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान भवन को अतिक्रमणमुक्त कराया गया।
बताया गया कि उक्त सरकारी भवन का जल्द ही जीर्णोद्धार कराया जाना है। इसी को लेकर भवन से अतिक्रमण हटाना आवश्यक था। अतिक्रमणमुक्त होने के बाद अब भवन के पुनर्निर्माण एवं उपयोग का रास्ता साफ हो गया है।
सीओ किसलय कुमार ने बताया कि सरकारी भवन पर स्थानीय कुछ लोगों के द्वारा अतिक्रमण किया गया था। जिसे आज खाली कराया गया है। साथ हीं हिदायत दी गई है कि आगे से अतिक्रमण न करे।
