जिले में कानून-व्यवस्था को पूरी तरह चुस्त-दुरस्त बनाए रखने और आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस अधीक्षक, मधेपुरा द्वारा उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के बुधमा कैम्प का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कैम्प में उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, पुलिस कर्मियों की उपस्थिति, अभिलेखों के रख-रखाव और क्षेत्र में गश्ती व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने संतरी पोस्ट एवं शस्त्रागार का भी जायजा लिया और वहां तैनात जवानों से सुरक्षा संबंधी तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान कई सख्त निर्देश दिए। आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया गया।
पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ाएं और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखें। पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर तालमेल व संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति या अफवाह से तुरंत निपटा जा सके। अपराध नियंत्रण और अपराधियों की धरपकड़ के लिए मुख्य मार्गों और चौराहों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया।
इस निरीक्षण के दौरान स्थानीय थाना के कई वरीय पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी भी मौजूद रहे। एसपी ने सभी कर्मियों को पूरी मुस्तैदी, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
