बिहारीगंज,मधेपुरा
उदाकिशुनगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) पवन कुमार ने सोमवार दोपहर बिहारीगंज थाने का सघन निरीक्षण किया। लगभग दो घंटे तक चले इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और लंबित मामलों की प्रगति की गहन समीक्षा की।
अभिलेखों और सुरक्षा व्यवस्था की ली जानकारी
एसडीपीओ ने निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, मालखाना, हाजत और अभिलेखों के रख-रखाव का जायजा लिया। इसके अलावा उन्होंने:
- लंबित कांडों की अद्यतन स्थिति और अनुसंधान की गति की समीक्षा की।
- वारंट और कुर्की जब्ती के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
- फरार अभियुक्तों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा।
- क्षेत्र में दिवा व रात्रि गश्ती बढ़ाने और सघन वाहन जांच चलाने के आदेश दिए।
- लोक शिकायत पंजी, वारंट पंजी और इश्तिहार पंजी का अवलोकन कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
थाने को ‘पब्लिक फ्रेंडली’ बनाने पर जोर
एसडीपीओ पवन कुमार ने पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि थाने के वातावरण को आम नागरिकों के लिए ‘पब्लिक फ्रेंडली’ बनाया जाए। जनसुनवाई को अधिक प्रभावी बनाने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि थाने आने वाले हर फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना जाए और उसका त्वरित समाधान निकाला जाए।
निरीक्षण के मौके पर उदाकिशुनगंज इंस्पेक्टर संजीव कुमार, थानाध्यक्ष लवकुश कुमार, अनि मो. खुर्शीद आलम, राजमोहन, संजय कुमार, आशीष भारती, भूगेंद्र पासवान सहित थाने के अन्य पुलिस बल व पदाधिकारी उपस्थित थे।
