अलग-अलग टोली में बंटकर कर शिक्षकों की टीम ने पोषक क्षेत्र के मुहल्लों का भ्रमण किया, शिक्षा-व्यवस्था से अभिभावकों को कराया अवगत
उदाकिशुनगंज (मधेपुरा):
उदाकिशुनगंज प्रखंड की गोपालपुर पंचायत अंतर्गत उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय कुमरगंज के शिक्षकों ने पोषक क्षेत्र के मुहल्ले का भ्रमण कर अभिभावकों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। घर – घर जाकर शिक्षकों ने अभिभावकों से अपने बच्चों को नियमित रूप से समय पर स्कूल भेजने के लिए आग्रह किया। प्रधानाध्यापक रितु वसंत झा के नेतृत्व में शिक्षक की टीम अलग-अलग टोलियों में बंटकर भ्रमण कार्यक्रम के तहत अभिभावकों को जागरूक किया।
प्रधानाध्यापक ने बताई कि शिक्षकों ने घर-घर जाकर अभिभावकों से मुलाकात कर छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्रहित योजनाओं, विशेषकर छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही शिक्षा के महत्व, नियमित उपस्थिति और बच्चों की पढ़ाई में अभिभावकों की भागीदारी पर भी चर्चा की।
पहली टोली में शिक्षक जयशंकर कुमार, चंदन कुमार एवं अवधेश कुमार ने भवानंदपुर एवं रामटोला के अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने अभिभावकों को छात्रवृत्ति सहित अन्य सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रोत्साहित किया। दूसरी टोली में शिक्षक समीर कुमार उपाध्याय, अमित कुमार, सतीश कुमार एवं वागीशा सुमन ने विद्यालय के आसपास के क्षेत्रों में भ्रमण कर अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से संवाद किया तथा उन्हें शिक्षा के प्रति जागरूक किया।
क्षेत्र भ्रमण के दौरान अभिभावकों की प्रतिक्रिया काफी सकारात्मक रही। अभिभावकों ने विद्यालय की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ती है और अभिभावक भी अपने बच्चों की पढ़ाई को लेकर अधिक जागरूक एवं प्रेरित होते हैं। प्रधानाध्यापक रितु वसंत झा ने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य है। ऐसे प्रयासों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करने में मदद मिलेगी।
