कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केन्द्र प्रस्ताव पर न्यू एनआईसी हॉल में DM की में बैठक आयोजित।

जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ हुआ विचार-विमर्श।
आज दिनांक 28.01.2026 को न्यू एनआईसी हॉल, मधेपुरा में बिहार विधान परिषद के कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के अंतर्गत मतदान केन्द्रों के प्रस्ताव से संबंधित बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र-सह-जिला पदाधिकारी, मधेपुरा अभिषेक रंजन ने की।
इस बैठक में मधेपुरा जिला अंतर्गत सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के अध्यक्ष/सचिव उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले में प्रस्तावित कुल 14 मतदान केन्द्रों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में अवगत कराया गया कि कोशी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 हेतु मतदान केन्द्रों का प्रस्ताव विहित प्रपत्रों में दिनांक 03.02.2026 तक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-आयुक्त, पूर्णिया प्रमंडल, पूर्णिया को उपलब्ध कराना है। साथ ही निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार 800 से 1400 निर्वाचकों की संख्या के आधार पर मतदान केन्द्र निर्धारण का प्रावधान है तथा 1400 के मानक को ध्यान में रखते हुए ही प्रस्ताव भेजा जाना है।
बताया गया कि मधेपुरा जिला अंतर्गत दिनांक 30.12.2025 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक सूची के अनुसार कुल मतदाताओं की संख्या 9696 है, जिसमें पुरुष मतदाता 7327, महिला मतदाता 2368 तथा अन्य 01 शामिल हैं। चूंकि जिले के किसी भी मतदान केन्द्र में 1400 से अधिक निर्वाचक नहीं हैं, अतः पूर्व से निर्धारित व्यवस्था के अनुसार 13 प्रखंड कार्यालय भवन (प्रत्येक प्रखंड में एक) तथा एक सदर अनुमंडल कार्यालय भवन, मधेपुरा को मिलाकर कुल 14 मतदान केन्द्र बनाए जाने का प्रस्ताव भेजा जा रहा है।
बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई तथा सभी उपस्थित प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्ताव पर सहमति व्यक्त की गई।