Madhepura:नई रेलवे लाइन की मांग को लेकर लोगों का संघर्ष तेज

Madhepura:नई रेलवे लाइन की मांग को लेकर लोगों का संघर्ष तेज

उदाकिशुनगंज में नई रेलवे लाइन की मांग को लेकर लोगों का संघर्ष तेज हो गया है. वर्षों से रेल संपर्क से वंचित इस क्षेत्र के लोगों में नाराजगी है. स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि रेलवे लाइन के अभाव में उदाकिशुनगंज का समुचित विकास बाधित हो रहा है.

रेलवे संघर्ष समिति के अध्यक्ष गौरव कबीर का कहना है कि रेल सुविधा नहीं होने के कारण उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के लिए दूर-दराज के इलाकों में निर्भर रहना पड़ता है. उनका कहना है कि यदि नई रेलवे लाइन बिछाई जाती है तो क्षेत्र में व्यापार, उद्योग और आवागमन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे आर्थिक विकास को गति मिलेगी.

इसी मांग को लेकर रेलवे संघर्ष समिति और स्थानीय लोगों द्वारा लगातार बैठक और जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है.

रेलवे संघर्ष समिति ने कहा कि कई बार ज्ञापन सौंपने और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गयी है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है. संघर्ष समिति के सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही नई रेलवे लाइन की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आंदोलन को और व्यापक किया जायेगा. उन्होंने कहा कि यह आंदोलन किसी राजनीतिक दल से प्रेरित नहीं है, बल्कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए जनआंदोलन है.

वही स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि सरकार और रेलवे प्रशासन उनकी मांगों को गंभीरता से लेते हुए उदाकिशुनगंज को रेल मानचित्र पर जोड़ने की दिशा में जल्द निर्णय लेगा.

Gaurav Thakur
Author: Gaurav Thakur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright 2025 | dainikbharatbhoomi.com | All Rights Reserved