प्रमंडल स्तरीय उद्यान प्रदर्शनी प्रतियोगिता का शुभारंभ
शहर के आर्ट गैलरी स्थित प्रेक्षागृह में दो दिवसीय प्रमंडल स्तरीय उद्यान प्रदर्शनी सह प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। बिहार सरकार की खाद्य उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह सदर विधायक विजय खेमका और जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर पूर्णिया प्रमंडल के चारों जिलों से आए किसानों के द्वारा पुष्प, सब्जी और कृषि उत्पादन की प्रदर्शनी लगाई गई।
जिसमें कई आकर्षक फूल, सब्जियां, मखाना, मशरूम की प्रदर्शनी लगाई गई । इस मौके पर उत्कृष्ट उत्पादन के लिए प्रमंडल के करीब डेढ़ सौ किसानों को मंत्री लेसी सिंह और डीएम ने पुरस्कृत किया। मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार किसानों के लिए काफी काम कर रही है ।
किसानों की आय को बढ़ाने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है।
जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रमंडल स्तरीय उद्यान प्रदर्शनी में प्रमंडल के कई किसान अपने अपने उत्पाद लेकर आए हैं। इसके अलावा कई तरह के पुष्प की भी प्रदर्शनी लगाई गई है। अच्छा काम करने वाले किसानों को पुरस्कृत किया गया।
डीएम ने कहा कि किसानों को सरकारी योजना का उचित लाभ मिले इसके लिए जिला प्रशासन पूर्ण रूप से दृढ़ संकल्पित है। किसान सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर अपनी आमदनी में निरंतर बढ़ोतरी कर सकते हैं।