इंटर परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने की दंडाधिकारी के साथ बैठक
आज़ जिला पदाधिकारी, मधेपुरा अभिषेक रंजन एवं पुलिस अधीक्षक, मधेपुरा श्री संदीप सिंह द्वारा संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय स्थित कला भवन, मधेपुरा में इंटरमीडिएट वार्षिक (सैद्धान्तिक) परीक्षा, 2026 के अवसर पर प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केन्द्राधीक्षकों के साथ ब्रीफिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ब्रीफिंग के दौरान जिला पदाधिकारी द्वारा परीक्षा को कदाचारमुक्त, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने, परीक्षा केन्द्रों पर समय से उपस्थित रहने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक द्वारा परीक्षा अवधि के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण, परीक्षा केन्द्रों के आसपास सख्त निगरानी, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में परीक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया गया।
