
जिला परिषद की खाली पड़े जमीन पर जमा कचरे से निलल रही बदबू से लोग परेशान
उदाकिशुनगंज पीएचसी के पास जिला परिषद की जमीन है, जिसमें कचरे का अंबार लगा हुआ है, लोगों ने नगर परिषद की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं
उदाकिशुनगंज नगर परिषद के पीएचसी के समीप जिला परिषद की खाली पड़े जमीन पर कचरे के ढेर से दुर्गंध निकल रही है। जिससे लोग परेशान हैं। लोगों को दुर्गंध के कारण महामारी की आशंका सता रहा है। एक तरफ बगल में पीएचसी है तो दूसरी तरफ़ लोगों का बसावट है।
कचरे से निकल रही दुर्गंध के कारण स्थानीय लोगों और व्यवसायियों का जीना मुहाल हो गया है। उक्त जमीन में लगातार गंदगी पसरे रहने से की तरह की परेशानियां आ रही है।
इससे स्वास्थ्य खराब होने का भी चिंता लोगों को सता रहा है। स्थानीय व्यवसायियों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार क्षेत्र के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई। लेकिन अब तक सफाई की कोई ठोस व्यवस्था नहीं हो पाई है। व्यवसायियों के अनुसार यह इलाका नगर परिषद क्षेत्र में आता है। इसके बावजूद यहां नियमित रूप से कूड़ा उठाने की व्यवस्था नहीं है।
परिणामस्वरूप कचरा जमा होता जा रहा है। जहां कचरे के ढेर के बीच आवारा पशुओं का विचरण आम बात हो गई है। बाजार वासियों का कहना है कि दुर्गंध के कारण दुकानदारी प्रभावित हो रही है। इस संबंध में व्यवसायी अरविंद चौधरी, पूर्व मुखिया संजीव झा, लड्डू गुप्ता सहित अन्य स्थानीय लोगों ने नगर परिषद से अविलंब कचरा उठाव और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों की मांग है कि नगर परिषद प्रशासन इस ओर गंभीरता से ध्यान दे और पीएचसी जैसे संवेदनशील स्थान के आसपास स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करे, ताकि आमजन को राहत मिल सके।